चंडीगढ़ , अगस्त 09 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पटियाला जिले के समाना में गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ को समर्पित गौ कथा समारोह में भाग लिया। उन्होंने कहा कि गौ कथा और गौ माता सेवा भारत की महान आध्यात्मिक और सनातन परंपरा का प्रमाण है। यह कार्यक्रम आस्था, सेवा और साझा सांस्कृतिक विरासत का संगम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले हरियाणा में केवल 200 गौशालाएं थीं और उनका वार्षिक बजट 2 करोड़ रुपये था। अब प्रदेश में 650 गौशालाएं हैं और इनका बजट बढ़कर 600 करोड़ रुपये हो गया है। इनमें 4 लाख से अधिक आवारा पशुओं की देखभाल की जा रही है। 350 गौशालाओं में बड़े शेड और सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए गए हैं। नई गौशालाओं के लिए भूमि पंजीकरण पर एक प्रतिशत स्टांप शुल्क भी समाप्त किया गया है।

नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश में 2,000 खेल केंद्रों में करीब 4 लाख युवा अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 7 स्वर्ण पदक जीते जिनमें 5 बेटियों ने हासिल किए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी नौकरियां पारदर्शी तरीके से बिना 'खर्ची-पर्ची' के दी जा रही हैं। इस अवसर पर धार्मिक नेता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित