भरतपुर , अप्रैल 27 -- राजस्थान में भरतपुर संभाग में सोमवार को गौ सम्मान आव्हान दिवस के अवसर पर जगह जगह गाय के सम्मान में नारेबाजी करते हुए बड़ी संख्या में रैलियों का आयोजन करके जिला प्रशासन को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपे गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इन रैलियों में गौ भक्त एवं आमजन के साथ साथ साधु संतों का सैलाब उमड़ पड़ा। संभाग के सवाईमाधोपुर, करौली, डीग जिले के जनूथर, धौलपुर के सैंपऊ, टोडाभीम, हिंडौन सिटी और भरतपुर के बयाना एवं नदबई के साथ अन्य कई जगहों पर कीर्तन करते हुए निकाली गई इन रैलियो में गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने की मांग की गई।

रैलियो के आयोजन से धार्मिक आस्था व उत्साह का माहौल भी देखने को मिला। ज्ञापन में अन्य मांगों के साथ संविधान के अनुच्छेद 48 के तहत गौ संरक्षण को राज्य का विषय होने के कारण कानूनों में असमानता के बारे में बताते हुए संवैधानिक संशोधन की मांग, सभी वधशालाओं के लाइसेंस रद्द करने, गौ-तस्करी और गौ-वध को गैर-जमानती अपराध घोषित करने, आजीवन कारावास और दोषियों की संपत्ति कुर्क करने जैसे कठोर प्रावधानों को लागू करने का आग्रह किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित