लखीसराय , जुलाई 27 -- गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत सोमवार को लखीसराय जिले में 40,000 से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार को सौंपा गया। इस अवसर पर हस्ताक्षरों की डिजिटल पीडीएफ प्रति भी उन्हें प्रदान की गई।
अभियान के प्रतिनिधियों ने बताया कि जिलाधिकारी के माध्यम से यह ज्ञापन बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति तक प्रेषित किया जाएगा। यह अभियान 27 जुलाई 2026 को पूरे भारतवर्ष के सभी जिलों में एक साथ आयोजित किया गया, जिसमें देशभर के लाखों नागरिकों, गौभक्तों, साधु-संतों एवं सामाजिक संगठनों का व्यापक सहयोग प्राप्त हुआ।
गौ सम्मान आह्वान अभियान का मुख्य उद्देश्य पूरे भारतवर्ष में पूर्णतः गौ हत्या पर रोक लगाना, गौ माता को "राष्ट्रीय गौ माता" का सम्मानजनक दर्जा दिलाना, गौ सेवा एवं गौ संरक्षण के लिए केंद्रीय कानून लागू करवाना तथा केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय की स्थापना करवाना है। इन मांगों को लेकर देशभर के पूज्य साधु-संत एवं करोड़ों देशवासी सरकार से आग्रह कर रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान से पधारे गोपाल जी महाराज ने की। कार्यक्रम के व्यवस्थापक एवं संस्थापक नवीन सोनी ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, कृषि एवं सनातन परंपरा की आधारशिला हैं और उनके सम्मान एवं संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर पंकज कुमार, दीपक कुमार, दीपक राम, छोटू कुमार, अक्षय कुमार, ओमकार कुमार, सनी कुमार सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर सामूहिक रूप से जिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं एवं लखीसराय जिले के समस्त नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए गौ सेवा, गौ संरक्षण एवं जनजागरण के इस अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित