जशपुर , मार्च 21 -- त्तीसगढ़ में जशपुर जिले के कोतबा क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन "शंखनाद" के तहत कार्रवाई करते हुए गौवंश के मांस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 60 किलो गौवंश मांस और घटना में प्रयुक्त एक अल्टो कार भी जब्त की है।

पुलिस ने शनिवार को बताया - कल रात 9 बजे चौकी कोतबा की टीम चौकी के सामने मुख्य मार्ग पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा राज्य के ग्राम बनडेगा से एक व्यक्ति अल्टो कार में गौवंश का मांस लेकर कोतबा होते हुए लैलूंगा (जिला रायगढ़) की ओर जा रहा है।

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध ऑल्टो कार को घेराबंदी कर रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के पास रखे एक बैग में एक-एक किलो के 25 पैकेट तथा बीच की सीट पर रखे काले बैग में एक-एक किलो के 35 पैकेट मिले। इस प्रकार कुल 60 पैकेट में लगभग 60 किलो संदिग्ध मांस बरामद हुआ।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम जीसान हुसैन (24) निवासी ग्राम बनडेगा, थाना तलसरा, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा) बताया और मांस को वहीं से लाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बरामद मांस का परीक्षण पशु चिकित्सक से कराया, जिसमें उसे गौवंश का मांस होना प्रमाणित किया गया।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चौकी कोतबा में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त ऑल्टो कार जब्त कर ली गई और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित