बारां , फरवरी 17 -- राजस्थान में बारां शहर में गौ भक्तों पर हुए लाठीचार्ज के मामले में कोतवाली प्रभारी पुलिस निरीक्षक योगेश चौहान को लाईन हाजिर करके रिजर्व पुलिस लाइन में भेज दिया गया है।
इससे पहले एक सहायक उप निरीक्षक एवं दो पुलिस कांस्टेबलों पर इस मामले में गाज गिरी थी। गौ भक्तों पर हुए लाठीचार्ज का मामला तूल पकड़ गया था।
बारां के कोतवाली प्रभारी के रूप में प्रशिक्षु आईपीएस भजनलाल को तैनात किया गया है, लेकिन पुलिस महकमे में इसको लेकर गुस्सा है।
उल्लेखनीय है कि बरडिय़ा क्षेत्र में सिर कटे बछड़े का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। मामले की जानकारी मिलने पर कई गौ भक्त मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने सिर कटे बछड़े के शव के साथ प्रताप चौक पर प्रदर्शन किया। इस मामले को लेकर तीन दिन बाद बारां बंद के दौरान पुलिस द्वारा लाठी चार्ज किये जाने से स्थिति बिगड़ गई। गौ भक्तों का यह मामला खासी सुर्खियों में आ गया था। इसके बाद पुलिस पर कार्रवाई का सिलसिला शुरू हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित