बैतूल , जुलाई 17 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से सटे महाराष्ट्र के सिरखेड क्षेत्र में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार तड़के करीब 70 किलोमीटर तक पीछा कर गौवंश से भरी एक पिकअप को पकड़ने का दावा किया। इस दौरान 13 मवेशियों को मुक्त कराया गया तथा दो लोगों को महाराष्ट्र पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बजरंग दल के पदाधिकारियों के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र से तीन खाली वाहन गौवंश ले जाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर निगरानी रखी। शुक्रवार तड़के छिंदवाड़ा रोड से मुलताई की ओर आती एक संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर महाराष्ट्र की ओर भाग निकला।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वाहन का पीछा किया। उनका दावा है कि करीब 70 से 80 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद महाराष्ट्र के अमरावती जिले के मोर्शी क्षेत्र अंतर्गत सिरखेड गांव में स्थानीय गौरक्षकों और पुलिस की सहायता से पिकअप को रोक लिया गया। वाहन की तलाशी में उसमें 13 गौवंश रस्सियों से बंधे मिले। कार्यकर्ताओं ने उन्हें वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार कराया और बाद में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
बजरंग दल ने बताया कि अभियान में मुलताई तथा महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों के गौरक्षक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सूचना मिलने पर महाराष्ट्र पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन के साथ दो लोगों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गौवंश को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।
बजरंग दल ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर गौ तस्करी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा करने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कहा कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित