भीलवाड़ा , अप्रैल 10 -- राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में गौवंश के साथ अप्राकृतिक कृत्य कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाले शातिर अपराधी को पुलिस ने करीब दो हजार किलोमीटर का पीछा कर बिहार के किशनगंज से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी पर पुलिस अधीक्षक ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि गत 29 मार्च को शिवराज गुर्जर ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी थी कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति गाय के साथ कुकर्म करता दिखाई दे रहा है। इस घटना से हिंदू समाज में भारी रोष व्याप्त हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन और वृत्ताधिकारी सज्जन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया।
अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों ने घटनास्थल से लेकर रेलवे स्टेशन और शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों के करीब 1500 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि आरोपी ट्रेन के जरिए भीलवाड़ा आता है और वारदात कर पुन: ट्रेन से निकल जाता है। पुलिस ने राजस्थान से लेकर उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार तक के रेलवे स्टेशनों के फुटेज चेक किए।
उन्होंने बताया कि आखिरकार तकनीकी आसूचना और आरपीएफ के सहयोग से झारखंड के पूर्वीसिंहभूमि के कदमा थाने के शात्रीनगर निवासी संजय कुमार साहु (56) पुत्र मोती साहु को किशनगंज (बिहार) रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित