गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही , मई 26 -- छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई लूट और हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। कोटमी गांव के बाजार में अज्ञात बदमाशों ने सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी और सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार पेण्ड्रा निवासी प्रदीप सोनी (50) सराफा व्यवसाय से जुड़े थे, कोटमी गांव के बाजार में दुकान लगाए हुए थे। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन बदमाश वहां पहुंचे और लूटपाट की नीयत से व्यापारी को निशाना बनाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने पहले प्रदीप सोनी से सोने-चांदी के जेवर लूटे और बाद में उन पर कट्टे से गोली चला दी। वारदात भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में नाकेबंदी कर तीनों बदमाशों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित