रायपुर , जुलाई 18 -- छत्तीसगढ़ सरकार की अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने एक टिप्पर और तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन से आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर विजय दयाराम के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज कारोबार के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उड़नदस्ता दल ने सिलपहरी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर, सधवानी क्षेत्र में अवैध गिट्टी परिवहन करते एक ट्रैक्टर तथा भदौरा क्षेत्र में मिट्टी-मुरूम का अवैध परिवहन करते एक टिप्पर को जब्त किया।
प्रशासन ने बताया कि जब्त वाहनों को नियमानुसार तभी छोड़ा जाएगा, जब संबंधित प्रकरणों में निर्धारित अर्थदंड एवं समझौता राशि संबंधित खनिज मद में जमा कराई जाएगी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा शासकीय राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से नियमित निगरानी और जांच अभियान संचालित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन की जानकारी तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित