शाहजहांपुर , अक्टूबर 26 -- शाहजहांपुर के कई नेता सोमवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हुए। इनमें गौरव सागर नाम के एक व्यक्ति ने खुद को शाहजहांपुर के भाजपा सांसद अरुण सागर का भांजा बताया। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जिसमे ये कहा जा रहा है कि गौरव सागर शाहजहांपुर के भाजपा सांसद अरुण सागर के भांजे हैं।

सांसद अरुण कुमार सागर ने सोमवार को बताया कि लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल होने के दौरान गौरव सागर द्वारा पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में खुद को उनका भांजा बताए जाने संबंधी वीडियो उनके संज्ञान में आया है। जिसमें गौरव सागर नाम के व्यक्ति द्वारा खुद को उनका भांजा बताए जाने का खंडन करते हुए कहा है कि वह न तो उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते हैं और न ही उनका उनसे कोई पारिवारिक संबंध है।उन्होंने इसे उनकी और पार्टी की छवि धूमिल करने का प्रयास बताया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता उनके लिए सर्वोपरि है और उनसे विभिन्न वर्गों तथा जातियों के लोग मिलते रहते हैं। हालांकि, इसका अर्थ यह नहीं है कि कोई व्यक्ति खुद को उनका रिश्तेदार बताने लगे। अरुण सागर ने दावा किया कि करीब दस वर्ष पहले भी उक्त व्यक्ति ने उनके नाम का गलत इस्तेमाल किया था, जिसका उन्होंने उस समय भी खंडन किया था। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह का गलत प्रचार करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने पर भी विचार किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित