चंडीगढ़ , मई 13 -- हरियाणा सरकार ने हरियाणा सिविल सेवा के अधिकारी गौरव कुमार को पंचकूला के भूमि अधिग्रहण अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।

श्री गौरव कुमार वर्तमान में हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग में सचिव के पद पर कार्यरत हैं और अब वे अपनी मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ यह अतिरिक्त दायित्व भी संभालेंगे।

सरकारी आदेशों के अनुसार, इस नियुक्ति के साथ ही एचसीएस अधिकारी सुरेंद्र लाथर को भूमि अधिग्रहण अधिकारी, पंचकूला के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। सरकार ने यह फैसला प्रशासनिक कार्यों को सुचारु और प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से लिया है।

इस संबंध में आदेश हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी किये गये हैं। आदेश के अनुसार नयी व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

गौरव कुमार को अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने के बाद पंचकूला में भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों के निपटारे और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। सरकार समय-समय पर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपती रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित