बारां , मई 13 -- राजस्थान में बारां जिले में गौवंश संरक्षण और गौमाता की सुरक्षा को लेकर गौसेवकों ने संभाग स्तरीय आंदोलन की चेतावनी दी है।
गौसेवकों ने बुधवार को यहां पत्रकारों से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर वायदाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि एक महीने में मांगों पर ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हुई, तो पूरे संभाग में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
गौसेवकों ने बताया कि करीब तीन महीने पूर्व गौवंश संरक्षण, उपचार और व्यवस्थाओं को लेकर बड़ा आंदोलन किया गया था। उस समय प्रशासन को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया था और सहमति बनने के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया था, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर धरातल स्तर पर प्रभावी कार्य शुरू नहीं हुआ।
गौसेवकों ने प्रमुख मांगों में बारां में तत्काल गौवंश एम्बुलेंस सेवा शुरू करने, आधुनिक एवं विशाल गौशाला निर्माण, मृत गोवंश के अंतिम संस्कार की सुव्यवस्थित व्यवस्था और नियाना स्थित कचरा संयंत्र को शीघ्र शुरू करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि कचरा संयंत्र बंद होने के कारण सड़कों पर फैले कचरे और पॉलिथीन से गौवंश की जान पर लगातार खतरा बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित