श्री गंगानगर , जून 01 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में गोधाम स्थल पर करंट लगने से एक युवा गोपालक की मौत हो गयी। मृतक गोपालक की पत्नी ने गौशाला के प्रबंधक और विद्युत निगम के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके घटना की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी रमेशकुमार न्यौल ने सोमवार को बताया कि पिछले दिनों तेज आंधी और अंधड आने के दौरान में श्री कल्याण भूमि गौशाला पदमपुर रोड की चक 6-जेड में स्थित जमीन पर लगे शेड क्षतिग्रस्त हो गये थे। इनका रविवार को मरम्मत कार्य चल रहा था। श्री गौशाला में गाैपालक के पद पर कार्यरत बिंदरसिंह (38) एवं कुछ अन्य लोग मरम्मत कार्य में लगे थे। मध्याह्न साढ़े 12 बजे जब बिंदरसिंह एक लोहे के टीन शेड को उठा रहा था, तभी उसका एक सिर ऊपर से जा रही बिजली के तार से टकरा गया, जिससे उसे करंट का जबरदस्त झटका लगा और वह अचेत हो गया।
पुलिस ने बताया कि उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित