अलवर , अक्टूबर 15 -- राजस्थान में अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र में शेरपुर गांव में गुरुवार तड़के गौरक्षा दल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 16 गौवंशों को मुक्त कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौवंशों को पैदल राजस्थान-हरियाणा सीमा पार कर हरियाणा ले जाने की तैयारी थी। संयुक्त दल के मौके पर पहुंचते ही गौवंशों को ले जा रहे लोग फरार हो गए। मुक्त कराए गए गोवंशों में 15 बछड़े और एक गाय शामिल हैं। सभी को सुरक्षित गोशाला पहुंचाया गया।

गौरक्षा दल के सदस्य प्रवीण मिश्रा ने बताया कि तड़के करीब चार बजे सूचना मिली थी कि शेरपुर गांव में मेवात के संत बाबा लाल दास मंदिर के समीप कुछ लोग गौवंशों को हरियाणा की ओर ले जा रहे हैं। आशंका थी कि सीमा पार ले जाने के बाद उन्हें वाहन में भरकर आगे ले जाया जाएगा। सूचना मिलते ही रामगढ़ गौरक्षा दल के दल सक्रिय हुए। सूचना मिलने पर नौगांवा थानाधिकारी हरदयाल यादव भी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंच गए।

गौरक्षा दल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद दल ने सभी 16 गौवंशों को अपने संरक्षण में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की। कार्रवाई के बाद गोवंशों को अतरिया के पास स्थित गोशाला में पहुंचाया गया, जहां उनकी देखभाल और सुरक्षा की व्यवस्था की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित