ग्रेटर नोएडा , मई 22 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर क्षेत्र ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेस स्थित गौतमबुद्ध विश्विद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब छात्र का एक वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया और छात्र समूहों में तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में छात्र ने आत्महत्या जैसी बात कही थी, जिसके बाद विश्वविद्यालय परिसर और हॉस्टल में तनाव का माहौल बन गया।
शुक्रवार को पुलिस ने संबंधित प्रकरण में जानकारी देते हुए बताया कि, मामले की जानकारी मिलते ही ईकोटेक प्रथम थाना पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस टीम देर रात विश्वविद्यालय के हॉस्टल पहुंची और छात्र की तलाश शुरू की। साथ ही उसके साथियों और विश्वविद्यालय प्रशासन से भी पूछताछ की गई।
वीडियो वायरल होने के बाद छात्र ने देर रात कुछ देर तक हंगामा भी किया, जिससे अन्य छात्रों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी किए जाने पर प्रारंभिक जांच में पता चला कि छात्र हॉस्टल छोड़कर अपने घर चला गया था। इसके बाद पुलिस ने छात्र के परिजनों से संपर्क किया। परिजनों ने बताया कि अक्षय त्रिपाठी घर पहुंच चुका है और पूरी तरह सुरक्षित है।
ईकोटेक प्रथम थाना पुलिस का कहना है कि छात्र द्वारा अपने ग्रुप में वीडियो प्रसारित किए जाने की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित