गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 04 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सोसायटियों और विभिन्न संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।
शनिवार को पुलिस आयुक्त द्वारा जानकारी साझा की गई, जिसमें उन्होंने बताया कि, पांच अप्रैल से सात अप्रैल तीन दिन तक कमिश्नरेट क्षेत्र की विभिन्न सोसायटियों, सेक्टरों और संस्थानों में तैनात प्राइवेट सुरक्षाकर्मियों का व्यापक ऑडिट किया जाएगा। इस दौरान आरडब्ल्यूए, एओए और संबंधित सिक्योरिटी एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की जाएगी।
अभियान के तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसियों का पुलिस सत्यापन हुआ है या नहीं। साथ ही सोसायटियों में वाहन और व्यक्तियों के प्रवेश एवं निकास के लिए बनाए गए रजिस्टर का सही तरीके से रखरखाव हो रहा है या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी। इसके अतिरिक्त डिजिटल एंट्री-एग्जिट सिस्टम के उपयोग, सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी कार्यशीलता और फुटेज स्टोरेज की स्थिति का भी निरीक्षण किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित