गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने श्रमिकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए जनपद की सभी कंपनियों के लिए जारी अहम निर्देश में प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच हुए समझौते के सभी प्रावधान अब जिले की प्रत्येक औद्योगिक इकाई में प्रभावी रूप से लागू किए जाएंगे।
शनिवार को गौतमबुद्धनगर अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी ने वीडियो जारी कर जानकारी देते हुए कहा कि,यह निर्णय श्रमिकों के कल्याण और औद्योगिक शांति बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने सभी कंपनी प्रबंधनों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा है।
इन निर्देशों के तहत सभी कंपनियों को अपने श्रमिकों को डबल ओवरटाइम, साप्ताहिक अवकाश तथा बोनस जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करनी होंगी। प्रशासन का मानना है कि इससे श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा होगी और कार्यस्थलों पर संतुलित वातावरण बनेगा।
जिला प्रशासन ने श्रमिकों से भी अपील की है कि वे अनुशासन और शांति बनाये रखते हुए अपने-अपने कार्यस्थलों पर कार्य करें। साथ ही, किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करने को कहा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी कंपनी द्वारा इन निर्देशों का पालन नहीं किया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस निर्णय को जिले के औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों के लिए एक राहत भरा कदम माना जा रहा है, जिससे उनकी कार्य परिस्थितियों में सुधार की उम्मीद जतायी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित