गौतमबुद्धनगर , अक्टूबर 23 -- विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के तहत उत्तर प्रदेश में जनपद गौतमबुद्धनगर में शुक्रवार को मतदान निष्पक्ष, सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो हुआ। जिले में निर्धारित सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया पूरी कराई गई। चुनाव के दौरान स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रशासन की ओर से मतदान व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे।

शुक्रवार को जिला सूचना अधिकारी द्वारा जानकारी साझा की उन्होंने बताया कि,जनपद में विधान परिषद चुनाव के लिए कुल 13 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर मतदान संपन्न कराने के लिए 42 मतदेय स्थलों की व्यवस्था की गई थी। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। सभी ने निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन किया। जिले में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं दी गई।

विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन के तहत गौतमबुद्धनगर में कुल 12,754 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 4,503 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह स्नातक निर्वाचन में कुल 35.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। स्नातक वर्ग के मतदाताओं की भागीदारी के आधार पर जिले में मतदान प्रतिशत 35 प्रतिशत से अधिक रहा।

वहीं, शिक्षक निर्वाचन में कुल 13,104 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 6,907 शिक्षक मतदाताओं ने मतदान किया। इस प्रकार शिक्षक निर्वाचन में कुल 52.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोनों निर्वाचन वर्गों के आंकड़ों पर नजर डालें तो शिक्षक निर्वाचन में मतदान प्रतिशत स्नातक निर्वाचन की तुलना में अधिक रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित