नोएडा , नवंबर 01 -- सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश में जनपद गौतमबुद्धनगर पुलिस ने रविवार को यातायात माह-2026 का शुभारंभ किया।
पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-108, में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का विधिवत उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों की जानकारी होना और उनका पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यातायात माह के दौरान यातायात पुलिस, प्रवर्तन विभाग, ट्रैफिक वॉलंटियर्स, ट्रैफिक एंजेल्स और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि 'स्मार्ट बनें- सुरक्षा चुनें' के संदेश को अपने जीवन में अपनाएं और यातायात नियमों का पालन करें। छोटी-छोटी सावधानियां सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी ला सकती हैं।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं बच्चों ने नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए हेलमेट पहनने, यातायात संकेतों का पालन करने और सुरक्षित सड़क व्यवहार अपनाने के प्रति लोगों को जागरूक किया। उनकी प्रस्तुतियों की अधिकारियों और अतिथियों ने सराहना की।
इस अवसर पर महिलाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 'रोड सखी' अभियान का भी विमोचन किया गया। इस पहल के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर यातायात जागरूकता से संबंधित विशेष स्टॉल भी लगाए गए। इनमें स्पीड रडार, डेसीबल मीटर, बॉडी वार्न कैमरा सहित यातायात पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले विभिन्न उपकरण प्रदर्शित किए गए। अधिकारियों ने इन उपकरणों की कार्यप्रणाली और सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में उनकी उपयोगिता की जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित