गौतमबुद्धनगर , अक्टूबर 22 -- भारत निर्वाचन आयोग एवं उत्तर प्रदेश मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश में जनपद गौतमबुद्धनगर में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत चार दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन करना तथा पात्र नागरिकों को निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज कराने, मौजूदा प्रविष्टियों में संशोधन कराने और आवश्यकतानुसार अन्य प्रक्रियाएं पूरी करने का अवसर उपलब्ध कराना है। यह अभियान एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित किया जाएगा।
गौतमबुद्धनगर डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार ने गुरुवार को बताया कि जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 21 नवंबर (शनिवार), 22 नवंबर (रविवार), 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार), 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन निर्धारित तिथियों पर संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे। बीएलओ मतदाताओं से निर्वाचक नामावली से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक प्रपत्र जमा कराएंगे।
निर्वाचन विभाग के विशेष अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम हटाने, विवरण में सुधार कराने और अन्य आवश्यक बदलावों के लिए निर्धारित प्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अंतर्गत फॉर्म-6, फॉर्म-6ए, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 सहित संबंधित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
मतदाता सूची में पहली बार नाम दर्ज कराने के इच्छुक पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए निर्धारित है। वहीं, निर्वाचक नामावली में नाम हटाने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन और निर्धारित परिस्थितियों में स्थानांतरण संबंधी कार्यों के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाता है। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज संबंधित प्रपत्र और लागू निर्वाचन नियमों के अनुसार प्रस्तुत करने होंगे।
प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष अभियान के निर्धारित दिनों में अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर निर्वाचक नामावली में अपना नाम और दर्ज विवरण अवश्य जांच लें। यदि नाम सूची में शामिल नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि दिखाई देती है, तो निर्धारित प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित