गौतमबुद्धनगर , सितंबर 23 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन दहन" के तहत 22 सितंबर को जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस अधिनियम के 224 मामलों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि,जब्त मादक पदार्थों के विनिष्टीकरण के लिए गठित समिति ने न्यायालय से अनुमति प्राप्त करने के बाद नियमानुसार यह कार्रवाई की। इस कार्रवाई का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना और युवाओं को नशे से दूर रखने की दिशा में कदम उठाना है।
कार्रवाई के दौरान 2,253.987 किलोग्राम गांजा, 20.87 किलोग्राम चरस, 2 किलोग्राम डोडा, 27 ग्राम स्मैक, 3,206 नशीली गोलियां और 51 ग्राम नशीला पाउडर नष्ट किया गया। पुलिस के मुताबिक नष्ट किए गए इन मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 12 करोड़ 43 लाख 42 हजार 750 रुपये है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने आमजन से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना स्थानीय पुलिस थाने या डायल-112 पर दी जा सकती है। पुलिस ने "नशा मुक्त समाज-सुरक्षित भविष्य" के संकल्प को दोहराते हुए नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित