गौतमबुद्धनगर , सितंबर 07 -- उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर में समग्र शिक्षा अभियान के समेकित शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत 06 से 14 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु मापन शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन एलिम्को कानपुर के सहयोग से किया जा रहा है। इसमें परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नामांकित दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए माप लिया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार ने सोमवार को बताया कि दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के तहत दो अलग-अलग विकासखंडों में मापन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को प्रातः 10 बजे बीआरसी दनकौर में मापन शिविर लगाया जाएगा। इस शिविर में दनकौर क्षेत्र के पात्र दिव्यांग बच्चों का मापन किया जाएगा। मापन के बाद आवश्यकतानुसार तैयार किए गए सहायक उपकरणों का वितरण 27 नवंबर को इसी स्थान पर किया जाएगा।
इसी क्रम में 12 सितंबर को प्रातः 10 बजे ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) दादरी में मापन शिविर आयोजित होगा। दादरी क्षेत्र के पात्र दिव्यांग बच्चों के लिए आवश्यक उपकरणों का मापन किया जाएगा तथा तैयार उपकरणों का वितरण 28 नवंबर को बीआरसी दादरी में ही किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मापन शिविर में शामिल होने वाले बच्चों के अभिभावकों को निर्धारित दस्तावेज साथ लेकर आना अनिवार्य होगा। शिविर में बच्चे का दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र तथा दिव्यांगता दर्शाते हुए चार-चार फोटो लाने होंगे। इसके अलावा अभिभावक के पहचान पत्र की एक-एक छायाप्रति भी साथ लानी होगी।
विभाग की ओर से अभिभावकों से अपील की गई है कि पात्र दिव्यांग बच्चों को निर्धारित तिथि एवं समय पर संबंधित बीआरसी केंद्र पर लेकर पहुंचें और आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं, ताकि मापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें।
शिविर का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा एवं दैनिक गतिविधियों को अधिक सुगम बनाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित