गौतमबुद्धनगर , अक्टूबर 29 -- उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में जनशिकायतों की अनदेखी, पीड़ितों की समस्याओं का समुचित समाधान नहीं करने और पुलिस कार्यप्रणाली में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सख्त रुख अपनाया है।
जनशिकायतों के बढ़ते मामलों, शिकायतकर्ताओं के असंतुष्ट फीडबैक और शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली के चलते पांच उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा कई सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के विरुद्ध प्रारंभिक जांच संस्थित की गई है।
गुरुवार को जानकारी साझा करते हुए पुलिस आयुक्त ने बताया कि, जनशिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के साथ पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि शिकायतों को गंभीरता से सुनना और उनका उचित समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनशिकायतों को गंभीरता से नहीं सुनने, उचित समाधान नहीं करने और असंतुष्ट फीडबैक की संख्या बढ़ने के कारण मोरना चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजित सिंह, सेक्टर-12/22 चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अक्षय प्रताप, जेवर थाना क्षेत्र की आरआर साइट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बिरजलाल, सूरजपुर कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल पांडे और कचहरी सूरजपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार को निलंबित किया गया है। सभी के विरुद्ध विभागीय जांच प्रचलित कर दी गई है।
शिकायतों के बढ़ने और उनके समुचित निस्तारण में कमी पाए जाने पर एसीपी-2 नोएडा, एसीपी-2 ग्रेटर नोएडा और एसीपी-4 ग्रेटर नोएडा के साथ सेक्टर-113, बीटा-2 और दादरी थानों के प्रभारी निरीक्षकों के विरुद्ध प्रारंभिक जांच शुरू की गई है।
इसके अतिरिक्त ओखला, सेक्टर-98, सरस्वती इंक्लेव, कचहरी फेस-2, कलौंदा, सिरसा और शाहबेरी/चिपियाना चौकियों के प्रभारियों के खिलाफ भी जांच संस्थित की गई है। दनकौर थाने के हल्का-1 और इकोटेक-1 थाने के हल्का-3 के प्रभारियों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
अपराध नियंत्रण के मोर्चे पर भी पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है। सदरपुर, एनआईबी, झुंडपुरा/गोलचक्कर, ममूरा/गढ़ी चौखंडी, एच ब्लॉक/बहलोलपुर, गौर सिटी-1/2 सहित निराला और चेरी काउंटी, एच्छर/अल्फा तथा दादरी कस्बा, रेलवे रोड और अजायबपुर चौकियों के प्रभारियों के विरुद्ध प्रारंभिक जांच शुरू की गई है। नॉलेज पार्क थाने के हल्का प्रभारी-2/3 को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित