गौतमबुद्धनगर , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश में जनपद गौतमबुद्धनगर में विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों के लिए परिवर्तनीय महंगाई भत्ते की नई दरें निर्धारित कर दी गई हैं। उत्तर प्रदेश शासन के श्रम अनुभाग-2 द्वारा जारी दरों के अनुसार एक अक्टूबर से 31 मार्च 2027 तक श्रेणीवार निर्धारित परिवर्तनीय महंगाई भत्ता श्रमिकों को देय होगा। नई दरों के लागू होने से अकुशल, अर्द्धकुशल और कुशल श्रमिकों की कुल मासिक मजदूरी में महंगाई भत्ते की निर्धारित राशि शामिल होगी। श्रम विभाग ने इन दरों की गणना निर्धारित उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर की है।

गौतमबुद्धनगर अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि, प्रदेश में औद्योगिक शांति बनाए रखने और औद्योगिक उत्पादन को सुचारू रूप से संचालित रखने के उद्देश्य से न्यूनतम मजदूरी दरें निर्धारित की गई हैं। इसके लिए उत्तर प्रदेश साधारण खण्ड अधिनियम, 1904 की धारा-21 के साथ पठित संयुक्त प्रान्त औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947 की धारा-3(ख) के अंतर्गत अंतरिम राहत के रूप में 74 अनुसूचित रोजगारों में न्यूनतम मजदूरी दरें तय की गई हैं।

उन्होंने बताया कि न्यूनतम मजदूरी की दरें अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार वर्ष 2001=100 के अनुसार निर्धारित की जाती हैं। जुलाई 2023 से दिसंबर 2023 तक के औसत सूचकांक 400 अंकों तक को निष्प्रभावी करते हुए मजदूरी दरें जारी की गई थीं। इसके बाद नियमानुसार प्रत्येक वर्ष अप्रैल और अक्टूबर में परिवर्तनीय महंगाई भत्ते की समीक्षा की जाती है। अप्रैल में पिछले वर्ष जुलाई से दिसंबर तथा अक्टूबर में संबंधित वर्ष जनवरी से जून तक के औसत उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर महंगाई भत्ते की गणना की जाती है।

श्रम विभाग की ओर से जारी विवरण में जनवरी 2026 से जून 2026 तक अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक का औसत 431 अंक रहा। इसी आधार पर एक अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक के लिए गौतमबुद्धनगर में श्रेणीवार परिवर्तनीय महंगाई भत्ता निर्धारित किया गया है।

अकुशल श्रमिकों की मूल मजदूरी 12,885 रुपये प्रतिमाह तय है। इसमें 998.59 रुपये परिवर्तनीय महंगाई भत्ता जोड़ने के बाद कुल मासिक मजदूरी 13,883.59 रुपये होगी। इस श्रेणी में दैनिक मजदूरी 533.98 रुपये निर्धारित की गई है।

अर्द्धकुशल श्रमिकों की मूल मजदूरी 14,173 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है। इसमें 1,098.41 रुपये महंगाई भत्ता शामिल करने के बाद कुल मासिक मजदूरी 15,271.41 रुपये होगी। इस श्रेणी की दैनिक मजदूरी 587.36 रुपये तय की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित