गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्धनगर में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची का शुक्रवार को औपचारिक प्रकाशन कर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम निर्वाचक नामावली की प्रतियां सौंपी गईं।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए गए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत यह प्रक्रिया पूरी की गई है। निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के प्रावधानों के अनुरूप तैयार की गई यह सूची अब जनता के लिए भी उपलब्ध है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में अब कुल 15,05,082 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 8,23,304 पुरुष, 6,81,728 महिला और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
जनपद की तीन विधानसभाओं के आंकड़ों के अनुसार, 61-नोएडा विधानसभा क्षेत्र में कुल 5,87,195 मतदाता हैं, जिनमें 3,24,477 पुरुष, 2,62,708 महिला और 10 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। 62-दादरी विधानसभा में कुल 6,05,204 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 3,28,244 पुरुष, 2,76,926 महिला और 34 ट्रांसजेंडर हैं। वहीं 63-जेवर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,12,683 मतदाता हैं, जिनमें 1,70,583 पुरुष, 1,42,094 महिला और 6 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित