गौतमबुद्धनगर , मार्च 02 -- ईरान और इराक क्षेत्र में जारी युद्ध एवं तनावपूर्ण सुरक्षा हालात को देखते हुए उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने सोमवार को लोगों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने अपील की है कि जो भी नागरिक वर्तमान में ईरान या इराक में निवास कर रहे हैं, कार्यरत हैं, यात्रा पर गए हुए हैं, किसी कारणवश वहां फंसे हुए हैं या हाल ही में वहां से भारत लौटे हैं, उनका पूरा विवरण तत्काल उपलब्ध कराया जाए।

जिला प्रशासन ने आज जानकारी दिया कि इस पहल का उद्देश्य विदेश में रह रहे नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, उनसे त्वरित संपर्क स्थापित करना तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अगर किसी व्यक्ति के परिवार, रिश्तेदारी या परिचय में कोई भी नागरिक ईरान या इराक में मौजूद है, तो उसका नाम, पता, संपर्क विवरण और वर्तमान स्थिति की जानकारी निर्धारित प्रारूप में संबंधित तहसील या उपजिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

प्रशासन ने यह भी कहा कि समय पर सटीक जानकारी मिलने से किसी भी संभावित आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकेंगे। यह सूचना जनहित एवं नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से जारी की गई है।

इस संबंध में अधिकारियों के संपर्क नंबर जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील किया है कि वे अफवाहों से बचें और प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए आवश्यक जानकारी शीघ्र साझा करें, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित