गौतमबुद्धनगर , जुलाई 29 -- आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश में जनपद गौतमबुद्धनगर पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने बुधवार को इन तैयारियों के संबंध में मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डॉ. मिश्र ने बताया कि, कांवड़ यात्रा के दौरान संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रमुख चौराहों, मंदिरों, शिविरों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस, पीएसी एवं अन्य सुरक्षा बल लगातार निगरानी रखेंगे। यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन कैमरों तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से 24 घंटे मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन लागू किए जाएंगे, जिसकी जानकारी आमजन को समय-समय पर विभिन्न माध्यमों से उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भी लगातार अपडेट जारी करेगी, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा शरारती गतिविधियों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। सोशल मीडिया सेल सक्रिय रूप से निगरानी करेगा और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने श्रद्धालुओं, कांवड़ सेवा समितियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस, प्रशासन और आमजन के सहयोग से कांवड़ यात्रा-2026 शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित