गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 16 -- उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिला में अब स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई है।

प्रशासन और पुलिस की सक्रियता के चलते आम जनजीवन पटरी पर लौट आया है। पुलिस बल द्वारा विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया। साथ ही 'सेक्टर स्कीम' लागू कर नियमित पेट्रोलिंग भी सुनिश्चित की जा रही है।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि जिले के सभी औद्योगिक संस्थान और इकाइयां खुली हुई हैं, जहां श्रमिक शांतिपूर्वक अपने कार्य में लगे हुए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में की गई वृद्धि और भविष्य में वेतन संबंधी सिफारिशों के लिए वेज बोर्ड गठन की घोषणा के बाद श्रमिकों में संतोष का माहौल है। प्रशासन द्वारा श्रमिक संगठनों के साथ हुए समझौतों को भी प्रभावी रूप से लागू कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार श्रमिकों से लगातार संवाद बनाए रखा जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की गलतफहमी न पनपे।

प्रशासन ने बताया कि पिछले एक दिन में दो स्थानों पर हिंसा और उपद्रव की घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें अधिकतर बाहरी और षड्यंत्रकारी तत्व शामिल थे। ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपद्रव में शामिल लोगों के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई होगी।

इस बीच, 13 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दो खातों (@प्राउडइंडियननवीऔर @मीर-इल्यास आईएनसी ) द्वारा भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। इन पोस्टों के चलते जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भय और रोष का माहौल बना, जिसके बाद कुछ स्थानों पर हिंसक भीड़ द्वारा पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित