गौतमबुद्धनगर , जुलाई 25 -- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित सीनियर सेकेंडरी सप्लीमेंट्री एग्जामिनेशन-2026 उत्तर के जनपद गौतमबुद्धनगर में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसके पश्चात उनके द्वारा बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया की, आगामी 28 जुलाई को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए बैठक में जनपद के 09 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा को सुरक्षित, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एडीएम न्यायिक प्रियंका ने कहा कि सभी अधिकारी सीबीएसई के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप समय रहते अपनी तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और निर्धारित समय पर अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहें।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्टेटिक, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी हों। साथ ही सीसीटीवी कैमरों सहित सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं सुचारू रूप से कार्य कर रही हों। यदि कहीं कोई तकनीकी कमी या अन्य समस्या हो तो उसका तत्काल समाधान कराया जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए तथा किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स एवं प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति न दी जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित