गौतमबुद्धनगर , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में जनपद गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों दादरी, सदर और जेवर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।

इस दौरान नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। तीनों तहसीलों में कुल 145 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

दादरी तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के संबंध में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि इस अवसर पर मेरठ मंडल के अपर आयुक्त भी उपस्थित रहे और उन्होंने जनसुनवाई कर लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। दादरी तहसील में कुल 81 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से सात शिकायतों का तत्काल समाधान कर दिया गया।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। इसलिए प्रत्येक शिकायत का निस्तारण गंभीरता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों की जांच करें और शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

वहीं सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां कुल सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।

इसी क्रम में जेवर तहसील में उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस संपन्न हुआ। यहां 57 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित