हैदराबाद , मार्च 17 -- तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य महेश कुमार गौड़ ने मंगलवार को राज्यपाल के अभिभाषण का समर्थन करते हुए कहा कि यह राज्य के विकास की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करता है और सरकार की जनोन्मुखी नीतियों को दर्शाता है।
उन्होंने धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के अभिभाषण में किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कल्याणकारी और विकासात्मक पहलों को प्रमुखता दी गयी है। उन्होंने विपक्ष द्वारा अभिभाषण का विरोध करने को लोकतंत्र की भावना के खिलाफ बताया।
श्री गौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में सरकार विकास और कल्याण के एजेंडे के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि लगभग आठ लाख करोड़ रुपये के कर्ज के बावजूद सरकार राज्य को प्रगति की ओर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है और "राइजिंग तेलंगाना" के लक्ष्य के तहत हैदराबाद को वैश्विक शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने वैश्विक मंचों के माध्यम से बड़े निवेश आकर्षित किए हैं। तेलंगाना राइजिंग वैश्विक सम्मेलन के जरिए 5.75 लाख करोड़ रुपये के निवेश आए, जबकि बायोएशिया 2026 सम्मेलन में 1,700 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश प्राप्त हुए।
उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य को भारी कर्ज में छोड़ दिया गया, जबकि वर्तमान सरकार जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
नशीले पदार्थों के मुद्दे पर श्री गौड़ ने कथित फार्महाउस ड्रग पार्टी की ओर इशारा करते हुए विपक्ष पर हमला किया और कहा कि कानून सभी के लिए समान है। किसी को भी बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ड्रग टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या बीआरएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव भी इसके लिए तैयार होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित