गोहाना , जून 21 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता के गोहाना आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य रोड शो निकालकर उनका स्वागत किया। पुष्प वर्षा, फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।
डॉ गुप्ता ने सेक्टर-7 स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की लगातार चुनावी सफलताएं जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिनकी मेहनत और जनसेवा की भावना ने भाजपा को मजबूत बनाया है। उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए प्रत्येक बूथ को और सशक्त बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया की तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। डिजिटल तकनीक, नवाचार और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
डॉ गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में किसानों के हितों की रक्षा और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक सहित अनेक पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित