चंडीगढ़ , अप्रैल 09 -- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा है कि गेहूं खरीद के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और मंडियों में आने वाले प्रत्येक दाने की खरीद सुनिश्चित की जाएगी।
मंत्री ने वीरवार को सोनीपत जिले की गोहाना मंडी का औचक निरीक्षण किया और वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गेहूं की गुणवत्ता, नमी की जांच, बायोमेट्रिक पंजीकरण प्रणाली सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू होनी चाहिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही गेहूं के उठान, भंडारण और बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
श्री पंवार ने कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी रोकने के लिए बायोमेट्रिक प्रणाली लागू की गई है, जिससे फसल बिक्री में पारदर्शिता बनी रहे।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित