सोनीपत , जुलाई 29 -- हरियाणा के सोनीपत में नशा विरोधी जागरूकता अभियान के तहत गोहाना नगर थाना पुलिस ने राजकीय कन्या महाविद्यालय और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये है।

कार्यक्रम में सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने छात्राओं को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य परिवार और समाज पर गंभीर प्रभाव डालता है इसलिए युवाओं को इससे दूर रहना चाहिए।

संदीप कुमार ने छात्राओं से अपील की कि यदि उन्हें कहीं भी नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री या सेवन की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक और भड़काऊ संदेशों से सावधान रहने तथा किसी भी जानकारी को सत्यापित किए बिना साझा न करने की सलाह भी दी।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और स्वयं भी नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सके और समाज में जागरूकता बढ़ाई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित