चंडीगढ़ , मार्च 29 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गोहाना विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा करते हुए राज्य में समावेशी विकास और बुनियादी ढांचे के विस्तार के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

गोहाना में आयोजित 'धन्यवाद एवं विकास रैली' में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में खेल स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने बताया कि नाले संख्या-8 पर भगवान परशुराम विरासत पार्क और जॉगिंग ट्रैक विकसित किया जाएगा। भूमि उपलब्ध होने पर पीपीपी मॉडल के तहत बहुमंजिला पार्किंग और व्यावसायिक परिसर भी बनाया जाएगा।

स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में उन्होंने खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह सरकारी मेडिकल कॉलेज में पीपीपी मॉडल पर कार्डियो कैथ लैब स्थापित करने की घोषणा की। साथ ही, भवन निर्माण पूरा होने के बाद इसी संस्थान में फिजियोथेरेपी कॉलेज की कक्षाएं शैक्षणिक सत्र 2027-28 से शुरू होंगी।

सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा द्वारा आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई घोषणाएं कीं। इनमें सोनीपत रोड पर शिव धाम का निर्माण, महम रोड स्थित पावर हाउस में 33 केवी सबस्टेशन की स्थापना और खानपुर कलां के 33 केवी सबस्टेशन का उन्नयन शामिल है। उन्होंने खानपुर कलां उप-तहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा देने तथा बड़ौदा और फरमाना में उप-तहसील बनाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव मिलने पर गढ़ी उजालेखन का नाम बदलकर कृष्ण नगर और गढ़ी नामदारखान का नाम सुंदर नगर किया जाएगा।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गोहाना में दो एकड़ भूमि उपलब्ध होने पर पर्यटन रिसॉर्ट स्थापित किया जाएगा। एचएसवीपी द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किया जाएगा और नए सेक्टरों में सामाजिक संस्थाओं को भूखंड आवंटित किए जाएंगे।

उन्होंने जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर रुखी गांव से आहुलाना तक सर्विस लेन के निर्माण के लिए एनएचएआई को प्रस्ताव भेजने की बात कही। इसके अलावा सिंचाई भवन, जल शक्ति भवन और विश्राम गृह का जीर्णोद्धार, नाली नंबर-4 का पक्का निर्माण और गोहाना माइनर का पुनर्निर्माण किया जाएगा।

शिक्षा क्षेत्र में गढ़ी सराय नामदारखान के सरकारी मिडिल स्कूल को सीनियर सेकेंडरी स्तर तक अपग्रेड करने के लिए समिति गठित की जाएगी। क्षेत्र के सभी स्कूलों में एक करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे।

जल आपूर्ति को मजबूत करने के लिए महिपुर-कवरेड़ी में 8 करोड़ रुपये की नहर आधारित परियोजना, खानपुर कलां में 55 लाख रुपये की पेयजल व सीवर पाइपलाइन, तथा अन्य गांवों में 125 लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछाई जाएगी। खेड़ी दमगान में दो गहरे ट्यूबवेल भी लगाए जाएंगे।

नई अनाज मंडी में शेड और चबूतरा बनाया जाएगा तथा एचएसएएमबी की सड़कों का 5 करोड़ रुपये से नवीनीकरण होगा। पश्चिमी बाईपास के लिए 50 प्रतिशत भूमि स्वीकृत हो चुकी है और शेष मिलने पर कार्य शुरू होगा।

यातायात सुधार के लिए गोहाना-बड़ौदा रोड पर अंडरब्रिज और गोहाना-मेहम रोड पर ओवरब्रिज के निर्माण के लिए रेल मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी की सात सड़कों के नवीनीकरण के लिए 6.90 करोड़ रुपये की घोषणा की। इसके अलावा 101 किलोमीटर लंबी 34 सड़कों की मरम्मत संबंधित एजेंसियों द्वारा की जाएगी। मुख्यमंत्री खेत-खलिहान योजना के तहत 25 किलोमीटर कच्चे रास्तों को पक्का किया जाएगा।

उन्होंने ग्रामीण विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की और गोहाना नगर परिषद की सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित