भिण्ड , जुलाई 22 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के गोहद में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हो गई। पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वाटर कैनन का उपयोग कर रोक दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गोहद के अध्यक्ष आशीष गुर्जर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता इटायली गेट पर विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन करने पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुतला छीनने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच छीना-झपटी हुई, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार कर पुतले को अपने कब्जे में ले लिया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

पुतला दहन नहीं हो पाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बाजार क्षेत्र से रैली निकाली और पुराना बस स्टैंड पहुंचकर वहां प्रधानमंत्री का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान एसडीओपी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की ओर से तहसीलदार विश्राम शाक्य, राकेश श्रीवास्तव, रामशंकर शर्मा सहित राजस्व एवं पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। प्रदर्शन में नगर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित