रायपुर , फरवरी 28 -- छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस ने शनिवार को अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए गोवा में संचालित एक बड़े ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया और टी-20 विश्व कप के दौरान करोड़ों रुपये के दांव लगवाने वाले इस सिंडिकेट से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मुख्य सरगना समेत चारों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रैंकी उर्फ सैंकी दरडा और प्रतीक वीधवानी को इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए आईडी और पासवर्ड 20-20 हजार रुपये में उपलब्ध कराते थे। साथ ही सट्टे की रकम की वसूली के लिए इन्होंने करीब 35 लाख रुपये में एक विशेष 'पैनल' खरीदा था, जिसके जरिए हारने वाले सटोरियों से वसूली की जाती थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों के तार चर्चित ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म 'महादेव सट्टा' से जुड़े प्रमोटरों सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल से जुड़े होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि ये आरोपी सीधे संपर्क में रहकर रकम की वसूली करते थे और बदले में मोटा कमीशन प्राप्त करते थे।
गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से आरोपियों ने गोवा में एक आलीशान विला किराए पर लिया था, जहां से पूरा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। कामकाज संभालने के लिए 20 से 25 हजार रुपये मासिक वेतन पर कर्मचारियों को रखा गया था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7.78 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामग्री जब्त की है।
आज सुबह आरोपियों को रायपुर लाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लेकर नेटवर्क से जुड़े अन्य बुकियों और संभावित स्थानीय कनेक्शन की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि प्रदेश के और कितने बड़े नाम इस सट्टा गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।
रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शीघ्र ही पूरे मामले का औपचारिक खुलासा कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित