नयी दिल्ली , सितंबर 22 -- गोवा प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार से 27 दिवसीय 'गोय राखोन यात्रा' की शुरुआत की। यह यात्रा गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों से होकर गुजरेगी। यात्रा का उद्देश्य गोवा की पहचान, पर्यावरण, संस्कृति, भूमि और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों के बीच पहुंचना है।

यात्रा के समापन के अवसर पर 18 अक्टूबर को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी अलग-अलग चरणों में यात्रा में शामिल होंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यात्रा का समर्थन करते हुए कहा, "गोय राखोन यात्रा' से जुड़िए और गोवा की पहचान, पर्यावरण, संस्कृति, भूमि और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा के कांग्रेस के प्रयास में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हों।" कांग्रेस के मुताबिक, यात्रा के दौरान पार्टी के नेता और कार्यकर्ता प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे और गोवा से जुड़े सामाजिक, पर्यावरणीय एवं विकास के मुद्दों को उठाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित