प्रयागराज , अप्रैल 21 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज कमिश्नरेट की होलागढ़ पुलिस ने गोवंश तस्करी के मामले में चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों को थाना क्षेत्र के पश्चिमनारा स्थित गंगा एक्सप्रेस-वे ओवरब्रिज के नीचे से पकड़ा।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बशारतउल्ला , आफताब अहमद , शमसाद तथा मोहम्मद साकिब के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि बशारतउल्ला, आफताब अहमद और शमसाद बेगम बाजार, बमरौली मोड़, पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि मोहम्मद साकिब ग्राम मुबारकपुर उपरहार, नवाबगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार यह मामला 10 अप्रैल 2026 का है, जब आरोपी अपने साथियों के साथ डीसीएम वाहन संख्या यूपी-25 डीटी-7001 से प्रतापगढ़ से कैमूर (बिहार) की ओर गोवंश की तस्करी कर रहे थे। होलागढ़ थाना क्षेत्र के पश्चिमनारा नहर पुलिया के पास वाहन फंस गया था।

वाहन फंसने के बाद आरोपी गोवंश से लदे वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे। इस संबंध में होलागढ़ थाने में मुकदमा संख्या 31/26 के तहत धारा 3/5ए/8 गौवध निवारण अधिनियम तथा धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में एक अन्य अभियुक्त को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार गृह भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित