मुंबई , अक्टूबर 20 -- बॉलीवुड अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी ने लोकप्रिय वेब सीरीज 'मिर्जापुर' में गोलू गुप्ता के किरदार से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए भविष्य में एक बार फिर इस भूमिका को निभाने की इच्छा जताई है।श्वेता ने 'मिर्जापुर: द मूवी' के साथ गोलू की कहानी के नए पड़ाव पर कहा कि यह किरदार उनके जीवन और अभिनय के सफर का अहम हिस्सा बन चुका है। शुरुआत में किताबों और पढ़ाई में रुचि रखने वाली शांत लड़की के रूप में नजर आई गोलू समय के साथ मुश्किल हालात, नुकसान और बदले से गुजरते हुए एक मजबूत महिला के रूप में विकसित हुई है।

श्वेता ने कहा, "गोलू और मैं पिछले कई सालों से साथ हैं और यह सफर मेरे लिए बहुत खास है। उसे निभाते हुए एक कलाकार के तौर पर मैं भी बड़ी हुई हूं। गोलू हमेशा मेरे सफर का एक बेहद अहम हिस्सा रहेगी।"उन्होंने कहा कि गोलू के किरदार में अभी बहुत कुछ तलाशना बाकी है। हर बार इस भूमिका में लौटने पर उन्हें उसके व्यक्तित्व के नए पहलुओं को समझने का मौका मिलता है। वह भविष्य में भी गोलू के अलग-अलग पहलुओं को तलाशना चाहेंगी।

श्वेता ने कहा कि गोलू का किरदार उनके लिए सिर्फ एक भूमिका नहीं, बल्कि ऐसा सफर है, जिसने उन्हें व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों स्तरों पर प्रभावित किया है। दर्शकों के बीच गोलू की लोकप्रियता और उससे उनका जुड़ाव उनके लिए बेहद मायने रखता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित