भरतपुर , फरवरी 01 -- राजस्थान में भरतपुर के वैर थाना क्षेत्र में पुलिस ने भौंडा गांव में लीज को लेकर चल रहे विवाद के बीच शनिवार शाम को हुई गोलीबारी के मामले में एक महिला के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज करके दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। गोलीबारी के मामले को लेकर भौंडा गांव निवासी चंदराम ने वैर थाने में दर्ज कराये मामले में कहा है कि कल शाम चारागाह जमीन पर भेड़ बकरियां चराते समय लाठी डंडे और अवैध हथियार लेकर आये नामजद आरोपियों ने उसके साथ गालीगलोच की विरोध करने पर उस पर गोली चलाई गई। उसने तुरंत जमीन पर लेट कर अपनी जान बचाई।

उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की वर्ष 1997 से भौंडा गांव में लीज है, जहां सिलिका पत्थर निकलता है।

चारागाह जमीन पर पशु चरा रहे ग्रामीण पर कल हुई गोलीबारी के बाद गांव में अफरातफरी मच गई थी। पुलिस ने मौके से कारतूस के चले हुए खोखे भी जब्त किये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित