भरतपुर , जुलाई 10 -- राजस्थान में धौलपुर के राजाखेड़ा थाना क्षेत्र में छह जुलाई को तीन जगह हुई गोलीबारी की की घटना के मामले में पुलिस ने 25-25 हजार रुपए के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अभिषेक और सचिन के रूप में हुई है। दोनों आगरा जिले के हैं। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटर साइकिल, एक अवैध .315 बोर का देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किये हैं।

उन्होंने बताया कि बसई घीयाराम से आगे अंधियारी के बीहड़ों में पुलिस की घेराबंदी को देखकर आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे। वे पुलिस से बचने के प्रयास में करीब 20 फुट ऊंचे मिट्टी के टीले से कूद गए। इस दौरान उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं। जिला विशेष दल (डीएसटी) के कॉन्स्टेबल भागीरथ और देवेंद्र सिंह ने साहस दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। दोनों का जिला चिकित्सालय धौलपुर में पुलिस अभिरक्षा में उपचार किया जा रहा है। इस मामले में फरार तीसरे आरोपी लुक्का उर्फ मन्नू उर्फ प्रद्युम्न की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार दबिश दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित