लखीमपुर खीरी , अप्रैल 27 -- छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध गोला गोकर्णनाथ शहर को जाम से राहत दिलाने और श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के लिए प्रशासन ने सड़कों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण तथा नए बाईपास निर्माण की व्यापक योजना तैयार की है। गोला शहर में बढ़ते यातायात दबाव और कॉरिडोर निर्माण को ध्यान में रखते हुए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिषेक कुमार ने विधायक अमन गिरी और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ स्वयं सड़क पर उतरकर स्थलीय निरीक्षण किया और फोर लेन तथा टू लेन सड़कों का खाका तैयार किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार किया। योजना के तहत वर्तमान में 7 मीटर चौड़े विकास चौराहे से खुटार मार्ग को फोर लेन में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा नानक चौकी से शिवम चौराहा, मिल गेट से विकास चौराहा, विकास चौराहे से तहसील तथा विकास चौराहे से गोला-शाहजहांपुर मार्ग को टू लेन विद पक्के शोल्डर के साथ विकसित किया जाएगा, जिससे यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित हो सके।

निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन मार्ग के चौड़ीकरण और सुधार पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को रेलवे विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने माना कि शहर की तंग सड़कों और लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यह योजना आने वाले समय में गोला के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है। विशेष रूप से उन मार्गों को चिन्हित किया गया है, जहां चौड़ीकरण की सबसे अधिक आवश्यकता है, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

इसके साथ ही लखीमपुर-अलीगंज मार्ग को सीधे गोला शहर से जोड़ने के लिए नए बाईपास मार्ग का भी चिन्हांकन किया गया है। प्रारंभिक योजना के अनुसार यह बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग-730 से गोला रेलवे ओवरब्रिज के पूर्वी हिस्से से दाहिनी ओर निकलते हुए 135 राजमार्ग सीतापुर-अलीगंज-गोला मार्ग तक जोड़ा जाएगा।

प्रशासन का मानना है कि गन्ना सीजन के दौरान जब ट्रैक्टर-ट्रॉली और भारी वाहनों का दबाव बढ़ जाता है, तब यह बाईपास शहर के लिए बड़ी राहत साबित होगा और यातायात बाधित नहीं होगा। अधिकारियों के अनुसार यह पूरी योजना गोला गोकर्णनाथ को नई रफ्तार देने के साथ ही धार्मिक और आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बदलाव लाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित