गोरखपुर , जून 10 -- उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के बेलीपार थाना क्षेत्र के भौवापार स्थित शिव मंदिर परिसर स्थित सरोवर में नहाने के दौरान दो किशोर गहरे पानी में चले जाने से डूब गए जिसमें एक किशोर की डूब कर मृत्यु हो गयी जबकि एक अन्य की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, बेलीपार क्षेत्र के बगही गांव निवासी शिवम गुप्ता (16) अपने एक दोस्त के साथ भौवापार स्थित शिव मंदिर परिसर में घूमने गया था। मंदिर के पास मौजूद सरोवर में दोनों किशोर नहाने के लिए उतरे। नहाते समय वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

सरोवर में किशोरों को डूबते देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने फौरन उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। काफी मशक्कत के बाद शिवम के शव को पानी से बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलते ही बेलीपार पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दूसरे किशोर का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दूसरे किशोर की तलाश के लिए युद्धस्तर पर खोजबीन की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित