गोरखपुर , नवम्बर 04 -- उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के खोराबार थाना क्षेत्र में अवैध विस्फोटक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 67 कुंतल पटाखों का बड़ा जखीरा बुध्दवार तड़के बरामद किया है।
पुलिस ने मौके से विजय कुमार जायसवाल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों की बरामदगी से क्षेत्र में अवैध रूप से विस्फोटक पदार्थों के भंडारण और कारोबार का मामला सामने आया है। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, अपराधों पर अंकुश लगाने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए चलाये गये अभियान के तहत खोराबार थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कार्रवाई की और विजय कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 67 कुंतल पटाखे बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार जायसवाल निवासी खोराबार थाना खोराबार, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। बरामद पटाखों की मात्रा काफी अधिक होने के कारण पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक पदार्थों का भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था और इसके पीछे कोई संगठित कारोबार तो नहीं है, इन पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित