गोरखपुर , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजरहा स्थित राप्ती नदी में शुक्रवार अपराह्न नहाने के दौरान तीन युवक गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। पुलिस और बचाव दल उनकी तलाश में जुटे हैं।
पुलिस के अनुसार गर्मी के कारण तीनों युवक राप्ती नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। डूबने वाले युवकों की पहचान शिव साहनी (20), बंटी (20) और शुभम यादव (22) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) को बुलाया गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। नदी की तेज धारा और गहराई के कारण बचाव कार्य में कठिनाई आ रही है, लेकिन टीम लगातार युवकों की तलाश कर रही है।
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है। तीनों युवकों के परिजन भी मौके पर मौजूद हैं। परिजनों के अनुसार युवक सामान्य रूप से नहाने गए थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र भी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान की निगरानी की। उन्होंने अधिकारियों को सर्च ऑपरेशन तेज करने और सभी उपलब्ध संसाधनों के उपयोग के निर्देश दिए।
मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित