गोरखपुर , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के गुलहरिया थाना क्षेत्र के दुर्गा विसर्जन के दौरान बुधवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो सगे भाई सहित तीन लोगों की झुलस कर मृत्यु हो गयी जबकि सात अन्य घायल हो गये।

पुलिस ने बताया कि गुलरिहा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम करीब पांच बजे दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी लोहे की लंबी रॉड ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से टकरा गई जिसके चपेट में आने से दो सगे भाई लकी (17), विक्की (18) और एक अन्य चंदन (21) समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि अन्य सात लोग झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि प्रतिमा के साथ दो पुलिसकर्मी भी चल रहे थे, जिन्होंने आगे का रास्ता साफ बताया था। हादसे के बाद दोनों को निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मेडिकल कॉलेज के बाहर हंगामा किया, जिससे करीब एक किमी लंबा जाम लग गया। सूचना पर पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचकर जाम हटवाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित