गोरखपुर , जून 28 -- उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के थाना एम्स क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए अवैध असलहा तस्करी का खुलासा किया है। टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक पिस्टल, दो तमंचे, 14 जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन शर्मा, सौरभ शुक्ला उर्फ निति और मनजीत कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ थाना एम्स में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अवैध असलहा बिहार के सिवान और गोपालगंज जनपद के तस्करों से खरीदकर गोरखपुर लाते थे और यहां ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे। बरामद असलहे भी इन्हीं सप्लायरों से लाए गए थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से .32 बोर की पिस्टल, .12 बोर के दो तमंचे, कुल 14 कारतूस, एक मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जनपद में अवैध असलहा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित