देवरिया, अगस्त 12 -- गोरखपुर के सिकरीगंज क्षेत्र में अधिवक्ता आदित्य तिवारी के पिता शिवकुमार तिवारी की निर्मम हत्या के विरोध में बुधवार को देवरिया कलेक्ट्रेट के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रीतम मिश्रा के नेतृत्व में वकीलों ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी को सौंपकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। श्री मिश्रा ने बताया कि सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव में बीते दिनों एक ब्रह्मभोज का आयोजन था। इसी दौरान बिजली ठेकेदार शिवकुमार तिवारी भोजन की कतार में शांतिपूर्वक बैठे थे। तभी पीछे से आए हमलावरों ने सब्बल और तलवार से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मौके पर ही शिवकुमार तिवारी ने दम तोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि भोजन की पंक्ति में बैठे एक निर्दोष नागरिक पर इस तरह का हमला मानवता को शर्मसार करता है। इस निर्मम हत्या की जितनी भी निन्दा की जाये वह कम है। वकीलों की मांग है कि इस निर्मम हत्या काण्ड में शामिल सभी लोगों पर कठोर से कठोर कार्रवाई किया जाय। आरोपियों के विरुद्ध रासुका के तहत कार्रवाई की जाय और उनकी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया जाय तथा पीड़ित परिवार को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित