गोरखपुर , अप्रैल 29 -- अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर योगी सरकार गोरखपुर मंडल के 200 श्रमिकों के परिवारों के लिए बिटिया की शादी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी उठाने जा रही है। इस अवसर पर एक मई को मंडल के चारों जिलों से कुल मिलाकर 200 बेटियों का सामूहिक विवाह कराकर श्रमिकों की एक बड़ी चिंता दूर कर दी जाएगी।

श्रम विभाग की तरफ से सामूहिक विवाह का कार्यक्रम गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे से होगा। इसमें श्रम मंत्री और कई जनप्रतिनिधि मेजबान के रूप में उपस्थित रहेंगे।

श्रम विभाग के उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की तरफ से संचालित ष्कन्या विवाह सहायता योजना के तहत आयोजित हो रहे सामूहिक विवाह कार्यक्रम मेंमंडल के चार जिलों गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर के 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर प्रस्तावित है। सामूहिक विवाह के इस आयोजन में विभाग प्रति जोड़े के विवाह पर एक लाख रुपये खर्च करेगा। इसमें से 85 हजार रुपये प्रत्येक उपस्थित जोड़े के बैंक खाते में भेजे जाएंगे जबकि 15 हजार रुपये प्रति जोड़े की दर से आयोजन व्यय का भुगतान किया जाएगा।

श्रम विभाग की तरफ से सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन भव्य बनाने की तैयारी की गई है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर सहित तमाम जनप्रतिनिधि स्वयं मेजबान की भूमिका में उपस्थित रहेंगे। विभाग का प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों की बेटियों का विवाह गरिमापूर्ण और उत्सवपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित